• Sat. Jul 4th, 2026

शाका मारा जा सकता है, पकड़ा नहीं जा सकता’… सोशल मीडिया पर पुलिस को ललकारने वाली लुटेरी हरिद्वार से गिरफ्तार…

ByADMIN

Jul 4, 2026
IMG 20260704 WA0107

“‘शाका मारा जा सकता है, पकड़ा नहीं जा सकता’… सोशल मीडिया पर पुलिस को ललकारने वाली लुटेरी हरिद्वार से गिरफ्तार”

हरिद्वार/मेरठ: फिल्मों के अंदाज में सोशल मीडिया पर पुलिस को खुली चुनौती देने वाली शातिर महिला आरोपी ज्योति चौधरी आखिरकार कानून के शिकंजे में आ गई। मेरठ की सरधना पुलिस ने उसे उत्तराखंड के हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया। हैरानी की बात यह रही कि जिस इंस्टाग्राम पर वह खुद को पुलिस की पहुंच से दूर बताकर रील्स और वीडियो पोस्ट कर रही थी, वही उसकी गिरफ्तारी का सबसे बड़ा कारण बन गया। दूसरी शादी के बाद पति के साथ हरिद्वार घूमने पहुंची ज्योति लगातार सोशल मीडिया पर सक्रिय रही, जिसकी लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे ट्रेस कर दबोच लिया।

12 जून की रात पेटीएम कंपनी के टीम लीडर आकाश शर्मा से सरधना क्षेत्र के पाली पुल के पास हुई लूट की वारदात में ज्योति की भूमिका सामने आई थी। पुलिस के अनुसार, दो बाइकों पर सवार बदमाशों ने आकाश शर्मा से मारपीट कर उनकी बाइक और मोबाइल लूट लिया था, जिसमें एक महिला भी शामिल थी। जांच में सामने आया कि किठौर क्षेत्र की रहने वाली ज्योति पहले रागिनी कार्यक्रमों में डांस करती थी, लेकिन महंगे शौक पूरे करने के लिए अपराध की दुनिया में उतर गई। पुलिस का दावा है कि वह पहले भी लूट और चोरी की कई घटनाओं में शामिल रही है। मामले में तीन आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि फरार चल रही ज्योति ने 23 जून को दूसरी शादी करने के बाद हरिद्वार का रुख किया, जहां उसकी इंस्टाग्राम गतिविधियों ने पुलिस को सीधा उसके ठिकाने तक पहुंचा दिया।

By ADMIN

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *