छठ पर्व पर यात्रियों की भीड़ संभालने के लिए रेलवे अलर्ट, 19 ट्रेनों में बढ़ाए अतिरिक्त कोच; हरिद्वार से चल रहीं 20 स्पेशल ट्रेनें
हरिद्वार। छठ पर्व पर बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। मुरादाबाद मंडल ने 19 नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए हैं, जबकि हरिद्वार रेलवे स्टेशन से 20 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें गुजर रही हैं। इससे घर लौटने वाले यात्रियों को राहत मिल रही है।
यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट कर्मचारियों की तैनाती और हेल्प डेस्क बनाई गई हैं। यहां ट्रेनों की जानकारी देने के साथ रेल वन एप डाउनलोड और इस्तेमाल करने में मदद की जा रही है। वहीं, प्लेटफॉर्म पर भीड़ नियंत्रित करने और यात्रियों की आवाजाही व्यवस्थित रखने के लिए बैरिकेडिंग भी की गई है।

