कांवड़ मेले के चलते हरिद्वार में 30 जुलाई से 11 अगस्त तक स्कूल-कॉलेज बंद, ऑनलाइन होगी पढ़ाई”
हरिद्वार। श्रावण कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों, प्राविधिक/तकनीकी संस्थानों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक अवकाश घोषित कर दिया है। यह निर्णय छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
हालांकि, विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए सभी शिक्षण संस्थानों को अवकाश अवधि में ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने सभी विभागों, स्कूल प्रबंधन और प्रधानाचार्यों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कांवड़ मेले के दौरान यातायात, जनसुरक्षा और विद्यार्थियों के हितों का प्रभावी ढंग से संरक्षण किया जा सके।
