ऋषिकेश ब्रेकिंग: ड्यूटी पर जा रहे शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा की सड़क हादसे में मौत, पुलिस विभाग में शोक की लहर
ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मुनि की रेती थाना क्षेत्र की शिवपुरी चौकी के प्रभारी विनोद कुमार शर्मा का निधन हो गया। पुलिस के अनुसार रानीपोखरी निवासी विनोद शर्मा मुनि की रेती थाना से ड्यूटी के बाद अपनी स्कॉर्पियो से शिवपुरी चौकी जा रहे थे, इसी दौरान उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना काफी देर बाद मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को खाई से बाहर निकाला।
विनोद कुमार शर्मा पूर्व में सेना में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे और ढालवाला व कैलाश गेट चौकी प्रभारी के रूप में भी जिम्मेदारी निभा चुके थे। अपनी मृदुल व्यवहार और कार्यशैली के कारण वह पुलिस विभाग में काफी लोकप्रिय थे। उनके निधन की खबर से रानीपोखरी क्षेत्र और पुलिस महकमे में शोक की लहर है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया है।
