कुंभ-2027 की तैयारियों पर मंत्री का सख्त संदेश, अक्टूबर तक पूरे होंगे सभी कार्य।
हरिद्वार में आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर सोमवार को शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने समीक्षा बैठक की। सीडीआर सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने मेला प्रशासन और विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। बैठक में कुंभ मेला प्रशासन सहित कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान कुंभ आयोजन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं और विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि कुंभ मेला-2027 को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सरकार लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रही है। उन्होंने बताया कि चारों पीठों के शंकराचार्यों को भी कुंभ में आमंत्रित किया जाएगा। मंत्री ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण एवं विकास कार्य अक्टूबर तक हर हाल में पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि तय समयसीमा के भीतर सभी कार्यों को पूर्ण कर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

