कुंभ 2027 की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, आयुक्त आनंद स्वरूप ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।
हरिद्वार में कुंभ मेला 2027 को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में कुंभ मेला 2027 के आयोजन हेतु गठित उच्च स्तरीय समिति की बैठक शनिवार को हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण भवन सभागार में आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने की। बैठक में हरिद्वार, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल और टिहरी गढ़वाल के जिलाधिकारियों के साथ हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान कुंभ मेले से संबंधित अब तक किए गए कार्यों और आगामी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के बाद आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि कार्यभार संभालने के बाद यह उनकी पहली समीक्षा बैठक थी, जिसमें सभी विभागों से तैयारियों की प्रगति रिपोर्ट ली गई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कुंभ 2027 को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए प्रतिबद्ध है ।

तथा देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए, ताकि कुंभ मेले का आयोजन सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाया जा सके।

