दीपावली के धमाकों के बाद उत्तराखंड की हवा को मिली राहत! देहरादून, काशीपुर और रुद्रपुर का AQI खराब से सुधरकर मध्यम श्रेणी में पहुंचा
**देहरादून।** दीपावली पर आतिशबाजी का असर उत्तराखंड के कई शहरों की हवा पर देखने को मिला। पटाखों से निकले धुएं और प्रदूषण के चलते देहरादून, काशीपुर और रुद्रपुर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) खराब श्रेणी में पहुंच गया था, जिससे लोगों की सेहत को लेकर चिंता बढ़ गई थी। हालांकि, राहत की बात यह रही कि अगले ही दिन यानी 9 नवंबर को इन शहरों की वायु गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया और AQI खराब श्रेणी से निकलकर मध्यम स्तर पर आ गया। इससे लोगों को प्रदूषण से कुछ राहत मिली है।
**उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड लगातार प्रदेश के प्रमुख शहरों की हवा पर नजर बनाए हुए है।** बोर्ड की ओर से देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार, टिहरी, रुद्रपुर, काशीपुर, हल्द्वानी और नैनीताल में वायु गुणवत्ता की निगरानी की जा रही है। दीपावली के अगले दिन इन शहरों में प्रदूषण के स्तर में सुधार देखने को मिला। वहीं, हल्द्वानी, ऋषिकेश, नैनीताल और हरिद्वार में वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में बनी रही। हालांकि, AQI में सुधार राहत की खबर जरूर है, लेकिन त्योहारों के दौरान बढ़ने वाला प्रदूषण एक बार फिर साफ कर रहा है कि आतिशबाजी और पर्यावरण को लेकर सतर्कता बरतना कितना जरूरी है।

