भगवानपुर में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, गोतस्कर के पैर में लगी गोली; गोकशी की सूचना पर पुलिस का बड़ा एक्शन
हरिद्वार।भगवानपुर कोतवाली क्षेत्र में गोतस्करी और गोकशी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जानकारी के अनुसार भगवानपुर के सिकरौड़ा गांव के पास आम के बाग में गोकशी किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इसी दौरान बदमाशों से पुलिस का आमना-सामना हो गया और दोनों तरफ से फायरिंग शुरू हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक गोतस्कर के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने घायल बदमाश को हिरासत में लेकर उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचाया। गौरतलब है कि जनपद में गोतस्करी और गोकशी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। गोतस्करी में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ अभियान चलाकर शिकंजा कसा जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई को गोतस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की दिशा में एक बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

