दीपावली पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से हर्ष फायरिंग करना पड़ा भारी, वीडियो वायरल होते ही हरिद्वार पुलिस का एक्शन; आरोपी पर मुकदमा दर्ज, असलहा जब्त
हरिद्वार।* दीपावली के मौके पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से हर्ष फायरिंग कर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करना एक युवक को भारी पड़ गया। मामला कोतवाली मंगलौर क्षेत्र के ग्राम निजामपुर का है, जहां वायरल वीडियो में एक व्यक्ति रिवॉल्वर से फायरिंग करता दिखाई दिया। एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर मंगलौर पुलिस ने वीडियो की जांच करते हुए युवक की पहचान वैभव सैनी पुत्र यशपाल सिंह के रूप में की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान वैभव के पिता ने भी वीडियो में अपने बेटे के लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग करने की पुष्टि की।
*वीडियो वायरल होते ही पुलिस की कार्रवाई:* पुलिस ने वैभव सैनी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 538/2026, धारा 3/30 आयुध अधिनियम, 1959 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही हर्ष फायरिंग में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी रिवॉल्वर को कब्जे में ले लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शादी, त्योहार या किसी भी उत्सव में असलहों से हर्ष फायरिंग करना कानून का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

