खटीमा को जाम से मिलेगी राहत, 14.97 करोड़ से सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को राणा मार्केट (सितारगंज रोड) में खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक 14.97 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले मोटर मार्ग चौड़ीकरण कार्य का भूमि पूजन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क चौड़ी होने से स्थानीय लोगों, व्यापारियों और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और जाम की समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि खटीमा की जनता का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें लगातार प्रदेश की सेवा करने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खटीमा के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। इसके साथ ही ऑक्सीजन पार्क, क्रोकोडाइल पार्क और धार्मिक स्थलों के विकास से पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री खटीमा चौराहे से कार्यक्रम स्थल तक पैदल पहुंचे, जहां स्थानीय लोगों ने जगह-जगह फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मोहिनी पोखरिया, संतोष गौरव, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह, रणजीत सिंह नामधारी, सतीश भट्ट, रामू भारती और अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।


