दीपावली पर धामी सरकार का कर्मचारियों को बड़ा तोहफा, 30 दिन के बोनस को मंजूरी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीपावली के अवसर पर उत्तराखंड के सरकारी कर्मचारियों को बड़ी सौगात देते हुए वर्ष 2025-26 के लिए 30 दिन के तदर्थ बोनस को मंजूरी दे दी है। इस निर्णय से समूह ‘ग’, ‘घ’ और पात्र अराजपत्रित समूह ‘ख’ के कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। पात्र कर्मचारियों को अधिकतम लगभग 6,908 रुपये का बोनस दिया जाएगा। इसके अलावा निर्धारित शर्तें पूरी करने वाले दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को भी बोनस का लाभ मिलेगा।
वित्त विभाग के शासनादेश के अनुसार बोनस के लिए कर्मचारियों का 31 मार्च 2026 को सेवा में होना और न्यूनतम छह माह की निरंतर एवं संतोषजनक सेवा पूरी करना अनिवार्य है। दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को निर्धारित कार्यदिवसों और अन्य पात्रता शर्तों के आधार पर अधिकतम लगभग 1,184 रुपये मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है और सरकार उनके हितों एवं कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

