हरिद्वार में नशा तस्करी पर एसटीएफ का बड़ा प्रहार, 18 हजार ट्रामाडोल कैप्सूल मामले में एक और गिरफ्तार
हरिद्वार। उत्तराखंड एसटीएफ और एएनटीएफ ने प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल की तस्करी के मामले में एक और आरोपी फारूख को गिरफ्तार किया है। यह मामला मई 2026 में मंगलौर क्षेत्र से 18 हजार प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद होने के बाद दर्ज किया गया था। एसटीएफ के अनुसार, जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी कथित तौर पर प्रतिबंधित कैप्सूल की अवैध सप्लाई में शामिल था और पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों के लिए हरिद्वार व आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा था। इस मामले में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
एसटीएफ के मुताबिक, बैंक खातों के लेन-देन, डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। जांच में संगठित तरीके से प्रतिबंधित दवाओं की सप्लाई किए जाने के तथ्य सामने आने पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 भी जोड़ी गई है। एजेंसी अब आरोपियों के आर्थिक लेन-देन, आगे और पीछे के संपर्कों तथा सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है। एसटीएफ ने स्पष्ट किया है कि इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस ने आमजन से नशा तस्करी से जुड़ी जानकारी साझा करने और नशे से दूर रहने की अपील की है।

