• Wed. Oct 14th, 2026
728x90-Top-2

भेल में बोनस और एसआईपी भुगतान को लेकर श्रमिकों का हल्ला बोल, दो दिवसीय JCM बैठक बुलाने की मांग

ByArjun Burman

Oct 14, 2026
728x90-Top-2
IMG 20261014 WA0101

भेल में बोनस और एसआईपी भुगतान को लेकर श्रमिकों का हल्ला बोल, दो दिवसीय JCM बैठक बुलाने की मांग

हरिद्वार। बीएचईएल में बोनस और एसआईपी (SIP) भुगतान सहित श्रमिकों की लंबित मांगों को लेकर भेल मजदूर कल्याण परिषद-इंटक (BMKP-INTUC) ने मोर्चा खोल दिया है। संयुक्त समिति (JCM) की बैठक की तारीख घोषित नहीं होने से नाराज सैकड़ों श्रमिकों ने हीप मेन गेट पर कॉरपोरेट प्रबंधन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। संगठन के महामंत्री एवं इंटक उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष राजबीर सिंह ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में कंपनी का कर पूर्व लाभ (PBT) 2,116 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 192 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि कंपनी के बेहतर प्रदर्शन में श्रमिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, इसके बावजूद बोनस और एसआईपी भुगतान पर निर्णय के लिए अब तक जेसीएम बैठक की तारीख घोषित नहीं की गई है। संगठन ने मांग की कि श्रमिकों को सम्मानजनक बोनस भुगतान सुनिश्चित करने के लिए जल्द से जल्द दो दिवसीय जेसीएम बैठक बुलाई जाए।

संगठन के अध्यक्ष मुकुल राज सहित अन्य पदाधिकारियों ने श्रमिकों की प्रमुख मांगें उठाते हुए कहा कि वेज रिवीजन 2017 में बनी सहमति के अनुसार छह वर्ष से अधिक पुराने लैपटॉप बदले जाएं, न्यू इंसेंटिव स्कीम 2024 में संशोधन कर न्यूनतम संरक्षित प्रोत्साहन राशि सुनिश्चित की जाए और अधिकतम सीमा 10 हजार रुपये की जाए। इसके साथ ही भेल टाउनशिप के सेक्टर-4 स्थित केंद्रीय विद्यालय को पूर्व की तरह पूर्ण रूप से संचालित करने, रविवार व अवकाश के दिन तथा निर्धारित समय से अतिरिक्त काम कराने पर सी-ऑफ के बजाय ओवरटाइम देने, देहरादून के मल्टी स्पेशलिटी अस्पतालों को भेल के पैनल में शामिल करने, मेडिकल डिपेंडेंसी सीलिंग 1,500 से बढ़ाकर 20,000 रुपये करने और नवनियुक्त आर्टिजन्स को टीएसडब्ल्यू अवधि में 29,500 रुपये कंसोलिडेटेड वेतन देने की मांग की गई। विरोध प्रदर्शन की अध्यक्षता वरिष्ठ नेता रजनीश कुमार ने की। प्रदर्शन के बाद संगठन प्रतिनिधियों ने प्रबंधन को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र जेसीएम बैठक बुलाने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *