*जल जीवन मिशन के ठेकेदारों के बकाया भुगतान का मिला आश्वासन, 29 अक्टूबर तक का अल्टीमेटम; 30 अक्टूबर से फिर शुरू होगी हड़ताल*
देहरादून। जल जीवन मिशन के बकाया भुगतान की मांग को लेकर देवभूमि जल शक्ति कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन का अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को भी एसडब्ल्यूएसएम कार्यालय, इंदर रोड पर जारी रहा। सचिवालय कूच की तैयारी के बीच शासन के बुलावे पर संगठन के पांच प्रतिनिधियों ने सचिव पेयजल रणवीर सिंह चौहान के साथ बैठक की, लेकिन ठोस आश्वासन नहीं मिलने से ठेकेदार निराश होकर वापस धरना स्थल पहुंच गए। इसके बाद प्रमुख सचिव आनंद बर्धन के साथ हुई बैठक में ठेकेदारों को बकाया भुगतान जल्द कराने का आश्वासन दिया गया। साथ ही तीन दिन के भीतर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कराने की बात भी कही गई।
प्रमुख सचिव आनंद बर्धन ने ठेकेदारों को बताया कि भुगतान के संबंध में केंद्र सरकार से बातचीत की गई है और जल्द ही बकाया राशि का भुगतान कराया जाएगा। वहीं, एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि ठेकेदारों ने 29 अक्टूबर 2026 तक भुगतान होने का इंतजार करने का निर्णय लिया है। यदि तय समयसीमा तक भुगतान नहीं हुआ, तो 30 अक्टूबर से दोबारा हड़ताल शुरू की जाएगी। संगठन ने चेतावनी दी कि इस बार प्रदेशभर के ठेकेदारों और मजदूरों को आंदोलन में शामिल किया जाएगा। ठेकेदारों ने मांग पूरी नहीं होने पर परियोजनाओं के टेंडर रोकने और पानी की आपूर्ति से जुड़े कार्यों को बंद करने की भी चेतावनी दी है।


