दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर से दहला रायपुर, कपूर दंपति और नौकरानी की पेचकस घोंपकर हत्या; आरोपी दबोचा
देहरादून के थाना रायपुर क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे मकान नंबर 16 में सनसनीखेज वारदात सामने आई। कपूर दंपति और उनके घर में काम करने वाली नौकरानी की पेचकस घोंपकर हत्या कर दी गई। पड़ोस में रहने वाली भारती भंडारी के मुताबिक, करीब 3 बजे उन्हें कपूर निवास से शोर-शराबे की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलने पर उन्होंने एक युवक को नौकरानी पर पेचकस से वार करते देखा। भारती के शोर मचाने पर आरोपी उनकी ओर भी दौड़ा, जिसके बाद आसपास के लोग कपूर निवास की ओर दौड़ पड़े।
लोगों के पहुंचने पर आरोपी मौके से भागने लगा, लेकिन घर के बाहर मौजूद एक व्यक्ति ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस तिहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वारदात के पीछे की वजह और मृतकों की पहचान समेत अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

