विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, हरिद्वार में जोनल और सेक्टर अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
हरिद्वार में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को भेल कन्वेंशन हॉल में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जोनल और सेक्टर अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों, मतदान केंद्रों की मैपिंग, क्रिटिकल और वल्नरेबल बूथों की पहचान तथा मतदान केंद्रों पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने की जानकारी दी गई।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों को सभी निर्वाचन संबंधी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं अपर जिलाधिकारी नीतू डागर ने अधिकारियों को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्व निभाने को कहा। प्रशिक्षण नोडल अमरेंद्र चौधरी ने बताया कि अधिकारी अपने आवंटित क्षेत्रों के मतदान स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर सुविधाओं का जायजा लेंगे। निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए क्रिटिकल एवं वल्नरेबल बूथों की मैपिंग पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

