हरिद्वार की प्राचीन धरोहर को मिलेगी नई पहचान, ज्ञान भारत मिशन के तहत दुर्लभ पांडुलिपियों का होगा सर्वेक्षण और डिजिटाइजेशन
हरिद्वार। देश की प्राचीन ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए केंद्र सरकार के ज्ञान भारत मिशन को लेकर हरिद्वार में कवायद तेज हो गई है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के मंदिरों, मठों, आश्रमों, धार्मिक संस्थानों, पुस्तकालयों और शिक्षण संस्थानों में मौजूद प्राचीन पांडुलिपियों, हस्तलिखित ग्रंथों और दुर्लभ ज्ञान सामग्री की पहचान, सर्वेक्षण, पंजीकरण, संरक्षण एवं डिजिटाइजेशन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। सीडीओ ने कहा कि इस मिशन का उद्देश्य प्राचीन ज्ञान संपदा को सुरक्षित रखते हुए आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है।
मुख्य विकास अधिकारी ने आमजन और धार्मिक एवं शैक्षणिक संस्थानों से अपील की कि यदि उनके पास कोई प्राचीन पांडुलिपि, हस्तलिखित ग्रंथ या दुर्लभ ज्ञान सामग्री उपलब्ध है तो उसकी जानकारी जिला पर्यटन विकास अधिकारी कार्यालय, खंड शिक्षा अधिकारियों अथवा संस्कृत महाविद्यालयों के माध्यम से उपलब्ध कराएं। राज्य स्तर पर पतंजलि विश्वविद्यालय को नोडल संस्था बनाया गया है, जिसके माध्यम से पांडुलिपियों की स्क्रीनिंग और डिजिटाइजेशन किया जाएगा। वहीं, पंजीकरण के बाद इन्हें ज्ञान भारतम ऐप और पोर्टल पर डिजिटल रूप में संरक्षित किया जाएगा। बैठक में विभिन्न विश्वविद्यालयों, संस्कृत महाविद्यालयों और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

