चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में प्रतिभाग करते हुए महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण को प्रदेश सरकार की प्राथमिकताबताया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि बैणी-भुली योजना के तहत प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जाएगी और योजना की पहली किस्त दिसंबर में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति प्रदेश की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति की आधारशिला है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं के साथ पहाड़ी परंपराओं से जुड़ी गतिविधियों में भी हिस्सा लिया और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर चमोली जनपद को 149.77 करोड़ रुपये की 30 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 133.59 करोड़ रुपये की 16 योजनाओं का शिलान्यास और 16.18 करोड़ रुपये की 14 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। साथ ही हेलंग-डूंगरी बरोसी, गोपेश्वर-पोखरी और त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्गों के निर्माण एवं सुधारीकरण की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं को स्वरोजगार, कृषि, पशुपालन और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, जनपद प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

