64.80 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, बुलंदशहर से नशे की खेप लेकर पहुंचा था आरोपी
हल्द्वानी। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री के ड्रग फ्री देवभूमि अभियान के तहत नैनीताल पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 216 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बरामद स्मैक की कीमत करीब 64 लाख 80 हजार रुपये आंकी है। एसओजी और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने 16 नवंबर को मंडी क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी गेट के पास चेकिंग के दौरान आरोपी को दबोचा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतीश कुमार (30), निवासी गालिबपुर, थाना डिबाई, जिला बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हल्द्वानी की बड़ी मंडी में सब्जी का कारोबार करता है और पैसों के लालच में अपने गांव के एक व्यक्ति के कहने पर बुलंदशहर से स्मैक खरीदकर लाया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी हिमाचल प्रदेश में भी एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल जा चुका है। उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए एसएसपी ने 2,500 रुपये के पुरस्कार की घोषणा भी की है।

