शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप, रुड़की बस अड्डे से आरोपी गिरफ्तार
हरिद्वार में ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान धर्मेंद्र पुत्र सुरेंद्र निवासी शक्ति विहार कॉलोनी, पाडली गुर्जर, कोतवाली गंगनहर, हरिद्वार के रूप में हुई है। मामले में पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली रुड़की में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 21 नवंबर को रुड़की बस अड्डे से आरोपी को हिरासत में लिया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अंशु चौधरी कर रही हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

