उत्तराखंड पुलिस में 1,600 पदों पर जल्द भर्ती, थानों का बजट होगा दोगुना: CM धामी
देहरादून। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस लाइन देहरादून में शहीद पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों के जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग के सुदृढ़ीकरण और कार्मिकों के कल्याण के लिए आठ महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि उत्तराखंड पुलिस की विभिन्न इकाइयों में करीब 1,600 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। साथ ही थानों के आवश्यक कार्यों के लिए वार्षिक बजट चार करोड़ रुपये से बढ़ाकर आठ करोड़ रुपये किया जाएगा। उन्होंने पुलिसकर्मियों के लिए ट्रांजिट हॉस्टल, मल्टी स्टोरी बैरक, पुलिस अस्पताल के उच्चीकरण और पुलिस मॉडर्न स्कूलों को बेहतर बनाने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों में दिन-रात जनता की सुरक्षा करते हैं और उनका त्याग व समर्पण देश की आंतरिक सुरक्षा की मजबूत नींव है। नशा तस्करी और साइबर अपराध जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए पुलिस को आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रशिक्षण और मजबूत समन्वय के साथ काम करना होगा। उन्होंने बताया कि राज्य में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए करीब 32 करोड़ रुपये की लागत से स्टेट साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों के कल्याण, आवास, चिकित्सा सुविधाओं और तनाव प्रबंधन पर जोर देते हुए कहा कि सरकार पुलिस बल को अधिक सक्षम और आधुनिक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

