संस्कार, अनुशासन और आधुनिक शिक्षा से बनेगा सशक्त भारत: सीएम धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को द टॉसब्रिज स्कूल में आयोजित संस्कार दिवस एवं स्थापना दिवस समारोह में विद्यार्थियों को संस्कार, अनुशासन और जीवन मूल्यों का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को एक अच्छा इंसान बनाना भी है। आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों का ज्ञान जरूरी है। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन से प्रेरणा लेने, बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के तहत पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से अनुशासन, ईमानदारी और मेहनत को जीवन का आधार बनाकर प्रदेश और देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

