आदि कैलाश रन से लेकर माणा पास तक दौड़ेगा उत्तराखंड, मई 2027 में होगी 100 माइल्स हिमालयन अल्ट्रा रन: सीएम धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ के गुंजी में आयोजित आदि कैलाश परिक्रमा रन-2.0 में प्रतिभाग कर 70 और 42 किलोमीटर दौड़ के विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस दौरान उन्होंने देशभर से पहुंचे धावकों का उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री का रं समुदाय ने पारंपरिक वेशभूषा पहनाकर स्वागत किया। धामी ने कहा कि आदि कैलाश परिक्रमा रन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि साहस, संकल्प और दृढ़ इच्छाशक्ति की परीक्षा है। ऐसे आयोजन सीमांत क्षेत्रों में साहसिक पर्यटन को नई पहचान देने के साथ स्थानीय युवाओं, होमस्टे संचालकों, गाइडों और कारोबारियों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मई 2027 के प्रथम सप्ताह में माणा पास से औली तक ‘100 माइल्स हिमालयन एंड्योरेंस अल्ट्रा रन’ आयोजित की जाएगी। लगभग 5,600 मीटर की ऊंचाई पर स्थित माणा पास से शुरू होने वाली यह दौड़ बदरीनाथ और जोशीमठ होते हुए औली पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सीमांत गांवों को प्रथम गांव के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। राज्य सरकार ट्रेकिंग, पर्वतारोहण और अन्य साहसिक पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देकर सीमांत क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था मजबूत करने और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

