कुंभ 2027: सुरक्षा का मेगा प्लान तैयार! रेलवे स्टेशनों पर भीड़ से निपटने के लिए पुलिस अलर्ट, चलेंगी स्पेशल ट्रेनेंहरिद्वार।कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर पुलिस और रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। गुरुवार को पुलिस महानिरीक्षक कुंभ मेला डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने सीसीआर हरिद्वार स्थित कार्यालय में उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल, जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में कुंभ के दौरान हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को व्यवस्थित करने, रेलवे यातायात योजना, स्टेशन प्लान और मुख्य स्नान पर्वों पर मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
**भीड़ का दबाव बढ़ने पर आसपास के स्टेशनों पर भी होगा प्रबंधन, सुरक्षित निकासी पर विशेष जोर।** बैठक में हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर भीड़ का दबाव बढ़ने की स्थिति में आसपास के रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव, यात्रियों के लिए निर्धारित होल्डिंग एरिया और भीड़ नियंत्रण के वैकल्पिक इंतजामों की समीक्षा की गई। साथ ही श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से उनके गंतव्य तक रवाना करने के लिए रेलवे की योजना और मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में कुंभ मेला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल, उत्तर रेलवे मुरादाबाद के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ऋषि कुमार शुक्ला, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव, एसपी रेलवे उत्तराखंड अरुणा भारती, अपर पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला राजेश भट्ट और जीआरपी के पुलिस उपाधीक्षक अनुज कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

