हरिद्वार
उर्मिला सनावर की गिरफ्तारी पर विपक्ष हमलावर, सपा नेता शुभम गिरी बोले बीजेपी की कथनी-करनी में फर्क, अंकिता को न्याय दिलाने के लिए बने जांच कमेटी
अंकिता भंडारी हत्याकांड से चर्चाओं में आईं उर्मिला सनावर की गिरफ्तारी के बाद विपक्ष ने सरकार पर हमला तेज कर दिया है। समाजवादी पार्टी के उत्तराखंड प्रदेश सह प्रभारी शुभम गिरी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी की कथनी और करनी में अंतर है और अब उसके पाप का घड़ा फूटने वाला है। उन्होंने कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटी थी और उसे न्याय दिलाने की मांग विपक्ष लगातार उठाता रहा है। शुभम गिरी ने कहा कि संसद में सबसे पहले इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने आवाज उठाई थी। उन्होंने उर्मिला सनावर के नार्को टेस्ट की प्रक्रिया पूरी होने देने की मांग करते हुए कहा कि गिरफ्तारी और कथित दुर्व्यवहार को लेकर भी सवाल उठते हैं।
शुभम गिरी ने मांग की कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की निष्पक्ष जांच के लिए जिला जज, हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीशों की एक कमेटी गठित की जाए। उन्होंने वर्तमान सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत गौतम की भूमिका की भी जांच किए जाने की मांग की। सपा नेता ने आरोप लगाया कि अंकिता के माता-पिता न्याय की मांग को लेकर दिल्ली के इंडिया गेट पर प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उन्हें पुलिस ने वहां से हटा दिया। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल अंकिता को न्याय दिलाने के लिए एकजुट हैं और इस मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
बाइट – शुभम गिरी, सह प्रभारी, समाजवादी पार्टी उत्तराखंड


