हरिद्वार,
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर चर्चाओं में आईं उर्मिला सनावर को हरिद्वार पुलिस ने सहारनपुर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद रानीपुर पुलिस ने उनसे पूछताछ की और मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद देर शाम कोर्ट खुलवाकर उर्मिला सनावर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें सीधे हरिद्वार जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी के दौरान उर्मिला सनावर ने कहा कि “मैं उत्तराखंड की लड़ाई लड़ रही हूं और अपनी आवाज को दबने नहीं दूंगी।” इस मामले को लेकर अब पुलिस की कार्रवाई और उर्मिला सनावर के बयान चर्चा में हैं।
एसपी सिटी दीपक सिंह के मुताबिक, 24 अक्टूबर को उर्मिला सनावर के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित अश्लील एवं मानहानिकारक सामग्री प्रसारित करने, परिवार की छवि धूमिल करने और पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में व्हाट्सएप कॉल के जरिए संपत्ति अपने नाम करने का दबाव बनाने और पांच करोड़ रुपये मांगने का आरोप भी लगाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई की गई और उर्मिला सनावर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, जांच में आरोपी के खिलाफ कुल नौ मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।


