लोकेशन हरिद्वार
उर्मिला सनावर की गिरफ्तारी पर कांग्रेस का हमला—नार्को टेस्ट से पहले गिरफ्तारी क्यों? VIP को बचाने की साजिश तो नहीं”, आलोक शर्मा बोले- फरवरी के बाद VIP भी सामने आएगा
अंकिता भंडारी हत्याकांड से चर्चाओं में आईं उर्मिला सनावर को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर हरिद्वार जेल भेजे जाने के बाद कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने गिरफ्तारी की टाइमिंग पर सवाल उठाते हुए कहा कि किस समय, किन धाराओं में और किसकी तहरीर पर कार्रवाई की गई, यह कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली थी कि उर्मिला सनावर अगले दिन सीबीआई के सामने पेश होने वाली थीं और उन्होंने नार्को टेस्ट के लिए तैयार होने की बात भी कही थी। ऐसे में नार्को टेस्ट या सीबीआई की जांच से पहले हुई गिरफ्तारी को लेकर संदेह पैदा होता है। आलोक शर्मा ने सवाल उठाया कि क्या उर्मिला सनावर को जेल भेजकर सीबीआई की जांच से दूर करने की कोशिश की गई है? उन्होंने कहा कि कानूनी प्रक्रिया के तहत जो भी तथ्य सामने आएंगे, उस पर कांग्रेस आगे भी अपनी प्रतिक्रिया देगी।
आलोक शर्मा ने वनंत्रा रिजॉर्ट को गिराए जाने से लेकर जांच की प्रक्रिया तक पर सवाल उठाते हुए कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए जनता के दबाव में सीबीआई जांच की मांग उठी थी, लेकिन जांच को लेकर लगातार संदेह बना रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संदिग्ध वीआईपी को संवैधानिक पद मिलने के बाद मामले में शक और गहरा हुआ है तथा वीआईपी की पहचान सामने आने से रोकने की आशंका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। आलोक शर्मा ने कहा कि यदि नार्को टेस्ट होता तो सच्चाई सामने लाने में मदद मिल सकती थी। उन्होंने भाजपा और धामी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उर्मिला सनावर को जेल भेजे जाने से कांग्रेस के आंदोलन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। कांग्रेस अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए सड़कों से लेकर संसद तक आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने भाजपा नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि फरवरी तक इंतजार कर लीजिए, उसके बाद उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार आएगी और वीआईपी का नाम भी सामने आएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि गिरफ्तारी में लगी धाराओं और मामले की पूरी जानकारी सामने आने के बाद कांग्रेस इस मुद्दे पर आगे की रणनीति तय करेगी।
बाइट – आलोक शर्मा राष्ट्रीय प्रवक्ता कांग्रेस


