अंकिता भंडारी हत्याकांड में नया मोड़, पहली बार मीडिया के सामने आए विनोद आर्य, पेश की 4085 शब्दों की चैट बुक, जानिए किसे ठहराया जिम्मेदार
हरिद्वार। देश के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में नया मोड़ सामने आया है। मामले के मुख्य दोषी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य पहली बार मीडिया के सामने आए। आज रविवार उन्होंने हरिद्वार प्रेस क्लब में अपने अधिवक्ता अनुज पुंडीर के साथ पत्रकार वार्ता की और मामले से जुड़ी कथित चैट सार्वजनिक की। विनोद आर्य का दावा है कि चैट की हस्तलिखित कॉपी करीब 4085 पेज की है। विनोद आर्य ने अंकिता भंडारी हत्याकांड की एसआईटी जांच पर सवाल उठाते हुए इसे गलत बताया। उनका कहना है कि मामले की जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण पहलुओं को नजरअंदाज किया गया। उन्होंने दावा किया कि उनके पास मौजूद चैट से घटना से जुड़े कई तथ्यों पर नए सवाल खड़े होते हैं। चैट के आधार पर उन्होंने अंकिता के दोस्त पुष्प और उसके माता पिता की भूमिका पर भी सवाल उठाए और उन्हें मामले के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने मांग की कि मामले की सीबीआई जांच के दौरान इस चैट को भी जांच का हिस्सा बनाया जाए, ताकि सामने आए तथ्यों की निष्पक्ष तरीके से पड़ताल हो सके। विनोद आर्य ने कहा कि मामले में जनभावनाओं और जनदबाव के चलते उनके बेटे पुलकित आर्य और उसके साथियों को सजा सुनाई गई। कई बार उन्होंने इस मामले में चैट के द्वारा पुलिस और एसआईटी को समझने की कोशिश की लेकिन कोई उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है। सजा होने के बाद भी बेटे और उनके परिवार को बार बार प्रताड़ित किया जा रहा है, मजबूरन उन्हें मीडिया के सामने आना पड़ा। पत्रकार वार्ता के दौरान विनोद आर्य ने मामले में किसी भी वीआईपी के शामिल होने से साफ इनकार किया। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण में वीआईपी कनेक्शन की चर्चाएं लगातार होती रही हैं, लेकिन उनके पास उपलब्ध जानकारी के अनुसार इस मामले में कोई वीआईपी शामिल नहीं था। उन्होंने कहा कि वह चैट और अन्य तथ्यों को जांच एजेंसी के सामने रखना चाहते हैं, ताकि मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

