अधोईवाला आश्रम पद्धति विद्यालय को मिली करोड़ों की सौगात, मंत्री खजानदास ने 3.35 करोड़ से अधिक की योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्या
देहरादून। रायपुर विधानसभा के अधोईवाला स्थित आश्रम पद्धति विद्यालय एवं छात्रावास परिसर में समाज कल्याण मंत्री खजानदास ने विधायक उमेश शर्मा काऊ की अध्यक्षता में 3.35 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान 95.79 लाख रुपये की लागत से निर्मित 60 बेडेड छात्रावास और 44.93 लाख रुपये से तैयार क्रीड़ा स्थल का लोकार्पण किया गया। वहीं विद्यालय परिसर में 58.68 लाख रुपये की लागत से शौचालय एवं चाहरदीवारी निर्माण तथा 71.34 लाख रुपये की लागत से छात्रावास मरम्मत एवं साज-सज्जा सहित अन्य कार्यों का शिलान्यास किया गया। मंत्री खजानदास ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए कार्य कर रही है।
इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने कहा कि समाज कल्याण मंत्री खजानदास के प्रयासों से क्षेत्र को विकास कार्यों की सौगात मिली है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इन योजनाओं से विद्यालय और छात्रावास में सुविधाओं का विस्तार होगा। कार्यक्रम के बाद मंत्री ने छात्रावास का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को विद्यार्थियों के लिए पौष्टिक, शुद्ध एवं ताजा भोजन, स्वच्छ पेयजल और साफ-सुथरे बिस्तरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता बनाए रखने को कहा। कार्यक्रम में अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी, सचिव समाज कल्याण श्रीधर बाबू अद्धांकी सहित कई जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

