एडिफाई वर्ल्ड स्कूल में बाल दिवस की धूम, शिक्षकों ने लगाए चाट-पकौड़ी और गेम्स के स्टॉल; लकी ड्रॉ में बच्चों ने जीते पुरस्कार
देहरादून। एडिफाई वर्ल्ड स्कूल में बाल दिवस बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भव्य चिल्ड्रन्स डे फेटे का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों ने बच्चों के लिए चाट, पानी पूरी और विभिन्न व्यंजनों के साथ मनोरंजक खेलों के स्टॉल लगाए। बच्चों ने स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लेने के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ व्यास सर और बेलवाल मैम के प्रेरणादायक संबोधन से हुआ।
इस अवसर पर निदेशक एडवोकेट डॉ. पंकज होलकर और प्रधानाचार्य प्रदीप गौड़ ने विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में लकी प्राइज के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। आयोजन मैनेजर एडमिनिस्ट्रेशन वीरेंद्र सती के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ। शिक्षकों के सामूहिक प्रयासों से पूरा आयोजन बच्चों के लिए यादगार बन गया।


