पुरानी रंजिश में प्रधान पति ने सगे भाई पर लाइसेंसी पिस्टल से झोंकी गोली- हालत गंभीर,पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
रुड़की के पिरान कलियर क्षेत्र के बाजुहेड़ी ग्राम में पुरानी रंजिश के चलते प्रधान पति ने अपने ही सगे भाई को लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी। गोली लगने से भाई गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया जबकि पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी प्रधान पति किशोर सैनी और उनके भाई राजेश सैनी के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। गुरुवार देर रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में किशोर सैनी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से राजेश पर गोली चला दी। गोली लगते ही 50 वर्षीय राजेश सैनी गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
सूचना मिलते ही पिरान कलियर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भेजा गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए भगवानपुर क्षेत्राधिकारी सुमित पांडेय, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, एसएसआई राजेश बिष्ट और धनौरी चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद आरोपी प्रधान पति किशोर सैनी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है और मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। वहीं, इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे बाजुहेड़ी गांव में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
