कोतवाली के पीछे 20 से ज्यादा आम के पेड़ साफ… अब होगी पुलिस कार्रवाई? आखिर पेड़ कटवाने का ठेकेदार कौन?
हरिद्वार के बहादराबाद कोतवाली के पीछे स्थित एक आम के बाग में देर रात 20 से अधिक आम के पेड़ों की कटाई का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर पूरी रात आरी चलती रही, ट्रैक्टर-ट्रॉली में लकड़ी भरकर ले जाई गई, लेकिन न तो पुलिस समय रहते कार्रवाई कर सकी और न ही वन व उद्यान विभाग को इसकी भनक लगी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक पेड़ काटने वाले फरार हो चुके थे। घटनास्थल पर कटे हुए तने, टहनियां और पत्तियां बिखरी मिलीं, जबकि कुछ लोगों को पूछताछ के लिए ले जाने और बाद में छोड़ने की भी चर्चा है।
इस पूरे मामले ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर बिना किसी सरकारी अनुमति के इतनी बड़ी संख्या में आम के पेड़ किसके इशारे पर काटे गए? पेड़ कटवाने का ठेकेदार कौन है और इसके पीछे किसका संरक्षण है? मुख्य उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह ने साफ किया है कि विभाग की ओर से पेड़ काटने की कोई अनुमति जारी नहीं की गई थी। वहीं, कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या पुलिस दोषियों तक पहुंचेगी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी, या फिर यह मामला भी जांच तक ही सीमित रह जाएगा।
