पिंडारी ग्लेशियर में लापता ट्रैकर की तलाश जारी, SDRF ने दुर्गम क्षेत्रों में तेज किया सर्च अभियान
बागेश्वर के पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक पर लापता हुए नोएडा निवासी ट्रैकर विशेष चौहान की तलाश में SDRF और स्थानीय पुलिस का संयुक्त सर्च अभियान लगातार जारी है। 29 मई की रात थाना कपकोट से सूचना मिलने पर SDRF पोस्ट कपकोट की टीम मुख्य आरक्षी टीका सिंह कार्की के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। बताया गया कि ट्रैकिंग के दौरान विशेष चौहान अपने स्थानीय पोर्टर से बिछड़ गए थे और निर्धारित समय पर वापस नहीं लौटे, जिसके बाद उनकी खोजबीन शुरू की गई।

सर्च अभियान के दौरान SDRF टीम ने गाइड द्वारा बताए गए संभावित स्थान पर पहुंचकर रोप तकनीक की सहायता से करीब 60 से 70 मीटर गहरी ढलान में उतरकर गहन तलाशी ली। इस दौरान लापता ट्रैकर का कैमरा बरामद हुआ, जिसके बाद पिंडर नदी के किनारों और आसपास के दुर्गम क्षेत्रों में सर्च अभियान और व्यापक किया गया। हालांकि लगातार हो रही भारी बारिश और खराब मौसम अभियान में बड़ी बाधा बने हुए हैं, फिर भी SDRF और स्थानीय पुलिस द्वारा समन्वित प्रयासों के साथ ट्रैकर की तलाश लगातार जारी है। मौसम अनुकूल होते ही अभियान को और तेज किया जाएगा।

