### **हरिद्वार में ऊंचे सीवर ढक्कन से हादसा, तुषार कपिल को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस ने दी तहरीर**
**हरिद्वार।** युवा कांग्रेस कार्यकर्ता तुषार कपिल के सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के मामले में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस को तहरीर देकर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। कांग्रेस के मुताबिक, 22 अक्टूबर को भूपतवाला क्षेत्र में होटल रमाया इन के सामने सड़क से करीब आठ से नौ इंच ऊंचे उठे सीवर ढक्कन से तुषार कपिल की बाइक टकरा गई थी, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। उनका देहरादून के सीएमआई अस्पताल में उपचार चल रहा है। कांग्रेस ने परियोजना प्रबंधन और एनएचएआई के संबंधित अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।
कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग समेत पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि संबंधित विभागों की लापरवाही के कारण सड़क पर खतरनाक स्थिति बनी रही और दुर्घटना के बाद मरम्मत कार्य शुरू होना विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केवल सीवर ढक्कन ठीक कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी तय होना चाहिए कि हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है। पार्टी ने पुलिस से तहरीर पर तत्काल कार्रवाई, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और शहर की सड़कों पर ऊंचे सीवर ढक्कनों व अधूरे कार्यों का निरीक्षण कर उन्हें सुरक्षित बनाने की मांग की। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि कार्रवाई में देरी होने पर आंदोलन किया जाएगा।


