### जोशीमठ हेलीकॉप्टर हादसा: रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा, सभी छह मृतकों के शव ऋषिकेश एम्स भेजे गए
चमोली। जोशीमठ के समीप हुए दर्दनाक हेलीकॉप्टर हादसे में मृत सभी छह लोगों के पार्थिव शरीरों को दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र से रेस्क्यू कर सड़क मार्ग तक पहुंचा दिया गया है। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों और कठिन पहाड़ी रास्तों के बीच भारतीय सेना, आईटीबीपी, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, जिला प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त टीमों ने रेस्क्यू अभियान चलाया। रेस्क्यू टीमों ने पैदल पहुंचकर सभी छह मृतकों के पार्थिव शरीरों को घटनास्थल से बाहर निकाला।
रेस्क्यू के बाद सभी पार्थिव शरीरों को सड़क मार्ग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), जोशीमठ लाया गया, जहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद एनटीपीसी हेलीपैड से हेलीकॉप्टर के माध्यम से सभी छह मृतकों के पार्थिव शरीरों को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), ऋषिकेश भेज दिया गया। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद विभिन्न सुरक्षा और राहत एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से रेस्क्यू अभियान पूरा किया गया।


