धामी कैबिनेट के 23 फैसलों पर लगी मुहर, वन आरक्षी की आयु सीमा 28 वर्ष, हरिद्वार में PRT के तीन कॉरिडोर को मंजूरी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, श्रम, आबकारी, खनन, आवास और परिवहन समेत कई विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। मुख्यमंत्री के अपर सचिव बंशीधर तिवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर फैसलों की जानकारी दी। सरकार ने चीनी मिलों को 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देने, राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी करने वाले छात्रों के लिए दो साल का अनिवार्य सेवा अनुबंध लागू करने और फार्मासिस्ट संवर्ग में बी-फार्मा अभ्यर्थियों को शामिल करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी।
वहीं, वन आरक्षी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है, यह छूट 31 दिसंबर 2028 तक लागू रहेगी। खनन विभाग में जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की शुल्क दर 5 से बढ़ाकर 15 प्रतिशत करने, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय वृद्धि पर निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत करने और हरिद्वार में पीआरटी परियोजना के तहत तीन कॉरिडोर विकसित करने को भी मंजूरी मिली। इसके अलावा ऋषिकेश के बापूग्राम की 594.94 एकड़ वन भूमि से जुड़े मामले में आबादी वाले क्षेत्रों को डी-नोटिफाई करने पर सैद्धांतिक सहमति बनी है। आवासीय नियमों में राहत समेत कई अन्य प्रस्तावों पर भी कैबिनेट ने मुहर लगाई।

