पवाणी अग्निकांड: बेघर परिवारों की मदद को आगे आया प्रशासन, 100 परिवारों के लिए भेजी राहत सामग्री
उत्तरकाशी के मोरी विकासखंड के पवाणी गांव में 24 नवंबर को हुए अग्निकांड के बाद प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने प्रयास तेज कर दिए हैं। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर शनिवार को प्रभावित परिवारों के लिए 100 गद्दे, 100 दरियां, गर्म कपड़े, स्वेटर, शॉल और अन्य जरूरी सामान तहसीलदार मोरी को भेजा गया। सर्दी के मौसम को देखते हुए प्रशासन ने बिस्तर और गर्म कपड़ों की व्यवस्था को प्राथमिकता दी है, ताकि बेघर हुए परिवारों को तत्काल राहत मिल सके।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को राहत सामग्री बिना देरी प्रभावित परिवारों तक पहुंचाने और उचित वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ काम कर रहा है। साथ ही सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने को कहा गया है।

