बारिश होने के बाद भी श्रद्धालुओं में इतना उत्साह गंगोत्री-यमुनोत्री दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में दिखा खूब उत्साह
चारधाम यात्रा में 12 दिन के अंदर साढ़े पांच लाख से भी अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। केदारनाथ धाम में प्रतिदिन 19 से 20 हजार तक श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं। पंजीकरण का आंकड़ा 27 लाख पार हो चुका है।
रविवार को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में बारिश के बावजूद भी श्रद्धालुओं में गंगा और यमुना के दर्शन को लेकर उत्साह देखने को मिला। यात्री बारिश के बावजूद भी लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। वहीं 11 मई तक प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार दो लाख से अधिक श्रद्धालु गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन कर चुके हैं।
रविवार को जनपद मुख्यालय और निचले इलाकों में दोपहर बाद बारिश हुई। लेकिन गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में सुबह से ही बारिश जारी रही। गंगा पुरोहित सभा के सचिव माधव सेमवाल और राजेश सेमवाल ने बताया कि बारिश के कारण गंगोत्री धाम में तामपान में गिरावट आने के कारण ठंड बढ़ गई थी। लेकिन उसके बाद भी श्रद्धालुओं के उत्साह में कमी नहीं आई और गंगा स्नान के बाद गंगा जी के दर्शन के लिए बारिश के बीच अपनी बारी का इंतजार करते रहे।