लग्जरी कारों में पहुंचकर खुलेआम फायरिंग, ज्वालापुर की रंजिश ने दादूपुर–गोविंदपुर में मचाया दहशत का तांडव
हरिद्वार। शहर में बिगड़ैल युवकों की बढ़ती बदमाशी एक बार फिर पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनती नजर आई है। मिली जानकारी के अनुसार इस सनसनीखेज वारदात की पटकथा गोदाम के पास नहीं, बल्कि उससे पहले ज्वालापुर में लिखी जा चुकी थी। क्रिसमस के दिन ज्वालापुर के मोहल्ला कस्साबान स्थित एक बिरयानी की दुकान पर हुई मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते झगड़े और मारपीट का रूप ले लिया। इस मामले में पीड़ित शाकिर की ओर से कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा दर्ज कराया गया था, जिस पर पुलिस जांच कर रही थी।

इसी दौरान शाकिर को सूचना मिली कि मारपीट में शामिल कुछ युवक रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दादूपुर–गोविंदपुर में पनाह लिए हुए हैं। इसके बाद रौब और दहशत दिखाने की नीयत से आरोपी अपने साथियों के साथ दो लग्जरी कारों में सवार होकर वहां पहुंच गए। शाकिर के न मिलने पर आरोपियों ने उसके गोदाम के पास मौजूद युवक को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी, ताकि इलाके में खौफ पैदा किया जा सके और अपना दबदबा दिखाया जा सके। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी स्टंटबाजी करते हुए फरार हो गए। अब देखना यह है कि पुलिस की सख्ती इन बिगड़ैल बेटों की इस बेखौफ बदमाशी पर कब और कितना भारी पड़ती है।
