• Wed. Aug 12th, 2026

गुमशुदगी की गुत्थी सुलझी, ब्लाइंड मर्डर का सनसनीखेज खुलासा

ByAmit Agarwal

Aug 12, 2026
IMG 20260812 171007 scaled

हरिद्वार/लक्सर

हरिद्वार के लक्सर कोतवाली क्षेत्र में गुमशुदगी के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, कारोबार और पुरानी रंजिश के चलते अंकित चौहान की हत्या की गई थी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को मोटरसाइकिल से बांधकर गंगा नदी में डुबो दिया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर एसडीआरएफ के गोताखोरों की मदद से शव और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

दरअसल, 2-3 अगस्त की रात शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चौहान मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में अचानक लापता हो गया। उसका मोबाइल भी बंद मिला। परिजनों की शिकायत पर कोतवाली लक्सर में गुमशुदगी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए जांच को आगे बढ़ाया। जांच में सामने आया कि अंकित की गांव के ही रहने वाले सचिन, मेहकार, कुलवंत और अंकित उर्फ फौजी से पुरानी रंजिश चल रही थी। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की बात कबूल की।

आरोपियों ने बताया कि अंकित कथित तौर पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से होने वाले खनन की मुखबिरी करता था, जिसके कारण उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा था। इसी रंजिश के चलते उन्होंने अंकित को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त की रात आरोपियों ने अंकित की मोटरसाइकिल रास्ते में रोककर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को मोटरसाइकिल के साथ बांधकर शिवपुरी गांव के पास खुसरो की ठोकर से गंगा नदी में डुबो दिया।आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम और गोताखोरों की मदद से गंगा नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद नदी से मोटरसाइकिल और शव बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 103, 238 और 61(2) के तहत धाराएं बढ़ाई हैं। वहीं, मुख्य आरोपी अंकित चौहान उर्फ फौजी के खिलाफ पहले भी खानपुर थाने में हत्या का मामला दर्ज रहा है और वह जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *