हरिद्वार कुंभ 2027 की तैयारियां तेज, संत समाज के सहयोग से दिव्य और भव्य आयोजन का संकल्प
आगामी हरिद्वार कुंभ मेला 2027 को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप देने के लिए उत्तराखंड सरकार तैयारियों को तेजी से अंतिम रूप दे रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं को लेकर लगातार कार्य किया जा रहा है। सरकार अखाड़ों और संत समाज के साथ निरंतर संवाद बनाकर उनकी अपेक्षाओं और सुझावों के आधार पर व्यवस्थाओं को आकार दे रही है, जिससे संत समाज में भी कुंभ को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है।
कुंभ मेला 2027 के लिए स्थायी और अस्थायी व्यवस्थाओं पर तेजी से काम चल रहा है। सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, पार्किंग समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। मेलाधिकारी सोनिका के नेतृत्व में मेला प्रशासन संतों और अखाड़ों से लगातार संपर्क कर व्यवस्थाओं की जानकारी साझा कर रहा है। अधिकारियों ने विभिन्न अखाड़ों के संतों से भेंट कर शिविरों, सुविधाओं और विकास कार्यों पर चर्चा की। संतों ने सरकार की तैयारियों की सराहना करते हुए कहा कि हरिद्वार कुंभ 2027 आस्था, अध्यात्म और भारतीय संस्कृति का विराट आयोजन बनेगा।
