पिरान कलियर में उमड़ा जनसैलाब, मौलाना अरशद मदनी के स्वागत में गूंजे नारे-तकबीर; अमन और भाईचारे का दिया संदेश
रुड़की। विश्व प्रसिद्ध दरगाह नगरी पिरान कलियर शरीफ में मंगलवार शाम जमीयत उलेमा-ए-हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी के पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। रहमतपुर रोड स्थित शमीम साबरी कॉलोनी में उनके काफिले के पहुंचते ही हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उमड़ पड़े। नारे-तकबीर के साथ लोगों ने मौलाना मदनी का गर्मजोशी से इस्तकबाल किया। कार्यक्रम में उलेमा, सामाजिक कार्यकर्ताओं, गणमान्य नागरिकों और युवाओं की बड़ी मौजूदगी रही। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा।
अपने संबोधन में मौलाना अरशद मदनी ने देश में अमन, भाईचारे और आपसी सौहार्द को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत सूफी-संतों और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल रहा है, जहां प्रेम और एकता की भावना को आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने शिक्षा को समाज और देश की तरक्की की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए अभिभावकों से बच्चों को दीनी तालीम के साथ आधुनिक और तकनीकी शिक्षा दिलाने की अपील की। पिरान कलियर की सरजमीं से उन्होंने सभी समुदायों को मिल-जुलकर रहने और एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े होने का संदेश दिया।
