हरिद्वार,
बाबा नीम करौली के जीवन और उनके संदेश पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद फिल्म निर्माता अनुप्रिया नागर संतों का आशीर्वाद लेने हरिद्वार पहुंचीं। सिद्ध पीठ दक्षिण काली मंदिर में उन्होंने आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद महाराज से मुलाकात कर पूजा-अर्चना की और उनका आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर स्वामी कैलाशानंद महाराज ने कहा कि अनुप्रिया पूरे भाव और श्रद्धा के साथ अपने माता-पिता और दादा-दादी को साथ लेकर आई हैं। वह लंबे समय से उनकी साधना और अनुष्ठानों को देखती रही हैं और उनसे प्रेरणा लेती हैं। उन्होंने बताया कि फिल्म के निर्माण में करीब दो करोड़ रुपये की सेविंग लगी थी और जब फिल्म के फ्लॉप होने की आशंका बनी, तब अनुप्रिया ने उन्हें याद किया। रात में उन्हें प्रेरणा मिली कि सब ठीक होगा और हनुमान जी के दर्शन के बाद परिस्थितियां बेहतर हुईं।
स्वामी कैलाशानंद महाराज ने कहा कि ‘हनुमान अंश’ में बड़े कलाकारों के बजाय बच्चों ने काम किया है, इसलिए बच्चों में भी फिल्म को लेकर खास जुड़ाव है। फिल्म में सत्यता, भाव और धार्मिकता दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि जो लोग धर्म में विश्वास नहीं रखते, उन्हें भी यह फिल्म देखनी चाहिए और इससे सीख लेनी चाहिए कि कम संसाधनों में बच्चों ने बड़ी फिल्म बनाकर नाम और यश हासिल किया है। उन्होंने अनुप्रिया और उनके माता-पिता को महादेव का प्रसाद, माला और आशीर्वाद प्रदान किया।
अनुप्रिया नागर ने स्वामी कैलाशानंद महाराज के जीवन पर फिल्म बनाने की इच्छा भी व्यक्त की। इस पर स्वामी कैलाशानंद ने कहा कि अभी वह साधना में
हैं और फिलहाल उनके ऊपर फिल्म बनाने का विचार न किया जाए। जब ईश्वर की इच्छा होगी, तब इस विषय पर विचार किया जाएगा।
वहीं फिल्म निर्माता अनुप्रिया नागर ने कहा कि ‘हनुमान अंश’ की सफलता उनके लिए सिर्फ एक फिल्म की सफलता नहीं, बल्कि संतों और ईश्वर के आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने कहा कि फिल्म को लेकर शुरुआत में कई तरह की आशंकाएं थीं, लेकिन दर्शकों के प्यार और संतों के आशीर्वाद ने सभी उम्मीदों को बदल दिया। इसी क्रम में वह लगातार संतों के सानिध्य में पहुंचकर उनका आशीर्वाद ले रही हैं।अनुप्रिया ने कहा कि वह स्वामी कैलाशानंद महाराज की साधना और आध्यात्मिक जीवन से प्रभावित हैं। उनके जीवन और साधना से जुड़ी कई बातें जानने की जिज्ञासा भी है। यदि स्वामी कैलाशानंद महाराज की आज्ञा और आशीर्वाद मिला, तो भविष्य में उनके जीवन और आध्यात्मिक यात्रा पर फिल्म बनाने का प्रयास जरूर करेंगी। इस दौरान अनुप्रिया नागर ने सिद्ध पीठ दक्षिण काली मंदिर के अंतरराष्ट्रीय प्रभारी शांतनु शुक्ला का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि हरिद्वार आगमन और मंदिर में मिले सम्मान एवं सहयोग के लिए वह शांतनु शुक्ला के प्रति आभार व्यक्त करती हैं।
हनुमान अंश’ की सफलता के बाद फिल्म की निर्माता अनुप्रिया नागर पहुंची हरिद्वार, स्वामी कैलाशानंद से लिया आशीर्वाद; फिल्म हिट होने को बताया चमत्कार।
Oplus_131072 