श्राद्ध कार्यक्रम की पोस्ट पर विवाद, भाजयुमो ने कांग्रेस के खिलाफ किया प्रदर्शन; विधायक आदेश चौहान का पुतला फूंका
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पिता के श्राद्ध कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस के सोशल मीडिया पेज पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने प्रदर्शन किया। महाराणा प्रताप चौक पर भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जसपुर विधायक आदेश चौहान का पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विरोध जताते हुए इसे धार्मिक और पारिवारिक भावनाओं से जुड़ा मामला बताया।
भाजयुमो जिला अध्यक्ष प्रशांत पंडित ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के सोशल मीडिया पेज पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिवंगत पिता के श्राद्ध से संबंधित पूजा की तस्वीर को गलत तरीके से प्रस्तुत कर उसका उपहास किया गया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी के परिवार और धार्मिक आस्था को लेकर इस तरह की टिप्पणी उचित नहीं है। भाजयुमो ने संबंधित पोस्ट को लेकर कांग्रेस से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

