“खंडूरी जी जैसा जनप्रतिनिधि मिलना मुश्किल” — अजय भट्ट ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
उत्तराखंड के चौथे मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी के निधन से पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। हरिद्वार पहुंचे नैनीताल से सांसद अजय भट्ट ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि खंडूरी जी का निधन प्रदेश और देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि खंडूरी जी बेहद ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासित नेता थे, जो हर कार्यक्रम में समयबद्ध तरीके से पहुंचते थे और अपने कार्यों को पूरी निष्ठा के साथ निभाते थे।

अजय भट्ट ने कहा कि खंडूरी जी हम सभी के प्रेरणा स्रोत थे और जनप्रतिनिधि कैसा होना चाहिए, इसकी मिसाल उन्होंने अपने जीवन से पेश की। उन्होंने कहा कि खंडूरी जी काम करने में कभी कोई कमी नहीं छोड़ते थे और किसी भी फाइल को लंबित नहीं रखते थे। उनके भीतर सेवा, अनुशासन और जिम्मेदारी के गुण कूट-कूट कर भरे थे। अजय भट्ट ने उन्हें हृदय से श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

