महाशिवरात्रि पर कांवड़ यात्रा का भव्य समापन, 4 करोड़ 80 लाख के करीब शिवभक्तों ने किया गंगाजल का संकल्प
महाशिवरात्रि के साथ ही हरिद्वार में कांवड़ यात्रा 2026 का भी लगभग सकुशल समापन हो गया। इस मौके पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ हर की पौड़ी पर पूजा-अर्चना कर गंगाजल भरा और कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर महादेव का आशीर्वाद लिया।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान मानसून के चलते चुनौतियां जरूर रहीं, लेकिन सभी विभागों के बेहतर समन्वय और पुलिस विभाग की प्रभावी भूमिका से मेला सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि बीती शाम तक शिवभक्तों की संख्या चार करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी थी।
और आज भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु हर की पौड़ी सहित विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार मेले की समीक्षा करते रहे और उनके निर्देशों के अनुरूप सभी विभागों ने आपसी समन्वय से व्यवस्थाएं संभालीं।

वहीं एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि आज महादेव का जलाभिषेक कर उनका आशीर्वाद लिया गया और कांवड़ मेले के सकुशल संपन्न होने के लिए उनका धन्यवाद किया गया। उन्होंने कहा कि अभी कुछ कांवड़ यात्री हरिद्वार से अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं, लेकिन पूरे मेले को लेकर फीडबैक सकारात्मक रहा है। एसएसपी ने बताया कि इस बार रेजिडेंशियल क्षेत्रों में डीजल से चलने वाले कांवड़ वाहनों को प्रवेश से रोका गया और बॉर्डर पर निर्धारित मानकों से बड़े डीजल वाहनों को वापस किया गया, जिससे व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिली।
उन्होंने बताया कि अंतिम आंकड़ा शाम तक आएगा, लेकिन करीब 4 करोड़ 80 लाख शिवभक्तों के हरिद्वार पहुंचने का अनुमान है। एसएसपी ने पुलिस के साथ सहयोग करने वाले एसपीओ, व्यापार मंडल, धर्मशाला एसोसिएशन, होटल एसोसिएशन और तमाम स्थानीय व निजी संस्थाओं का पुलिस परिवार की ओर से आभार जताया और भविष्य में भी इसी तरह सहयोग की उम्मीद जताई।
