- कुंभ से पहले रानीपुर पुलिस का बड़ा सत्यापन अभियान, 185 लोगों का सत्यापन; 11 मकान मालिकों पर 1.10 लाख का जुर्माना
आगामी कुंभ मेला-2027 के मद्देनजर हरिद्वार की कोतवाली रानीपुर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत रविवार को गैस प्लांट और सुमननगर क्षेत्र में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने ग्राम सलेमपुर, दादूपुर गोविंदपुर और सुमननगर क्षेत्र में रहने वाले बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों, मजदूरों, घरेलू नौकरों, कबाड़ियों, रेहड़ी-ठेली संचालकों और संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया। अभियान के दौरान कुल 185 लोगों का सत्यापन किया गया।
पुलिस के मुताबिक बिना सत्यापन किरायेदार, घरेलू नौकर और बाहरी व्यक्तियों को रखने पर 11 मकान मालिकों के कोर्ट चालान कर कुल 1 लाख 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं बिना सत्यापन मिले 6 बाहरी/संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत कुल 1500 रुपये के नगद चालान किए गए। पुलिस ने मकान मालिकों को किरायेदारों और घरेलू नौकरों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने के लिए जागरूक किया और अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही।

