कांवड़ यात्रा के बाद ‘स्वच्छ हरिद्वार’ अभियान तेज जिलाधिकारी मयूर दीक्षित खुद कर रहे मॉनिटरिंग
हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के समापन के बाद धर्मनगरी हरिद्वार में व्यापक सफाई अभियान लगातार जारी है। 16 तारीख को यात्रा समाप्त होने के तुरंत बाद से ही प्रशासन सक्रिय हो गया और सभी प्रमुख घाटों, मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान शुरू कर दिया गया।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि नगर निगम की टीमों के साथ-साथ अन्य विभागों के कर्मचारियों को भी सफाई कार्य में लगाया गया है, ताकि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी इस नगरी को शीघ्र ही पूरी तरह स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जा सके। जिन घाटों पर अभी अतिरिक्त सफाई की आवश्यकता है, वहां निरंतर कार्य जारी है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि हरिद्वार एक पवित्र और धार्मिक नगरी है, जिसे स्वच्छ रखना प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अपने आसपास गंदगी न फैलाएं और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। साथ ही स्थानीय लोगों से भी आग्रह किया कि सफाई को अपनी आदत बनाएं, ताकि हरिद्वार की पवित्रता और सुंदरता बनी रहे।

