भीषण अग्निकांड इलेक्ट्रिक स्कूटी शोरूम जलकर खाक, दमकल की 3 गाड़ियों ने आग पर पाया काबू।
हरिद्वार के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के बैरियर नंबर 6 के पास स्थित एआरसी सेल्स कॉरपोरेशन इलेक्ट्रिक स्कूटी शोरूम में अचानक भीषण आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शोरूम में सेल्स और सर्विस का कार्य होता था।
जहां खड़ी कुछ इलेक्ट्रिक स्कूटियां और लाखों का सामान आग की चपेट में आकर जलकर खाक हो गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसमान में धुएं के गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगे, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद राहत कार्य शुरू किया गया।

सूचना मिलते ही रानीपुर पुलिस और दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बहादराबाद फायर यूनिट के प्रभारी कुलदीप कुमार देवली ने बताया कि शोरूम में बैटरी संचालित स्कूटियां रखी हुई थीं, जिससे आग तेजी से फैलने की आशंका बनी रही।
उन्होंने कहा कि दमकल टीम ने सूझबूझ और तत्परता के साथ काम करते हुए समय रहते आग पर नियंत्रण पाया, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। हालांकि इस हादसे में शोरूम का अधिकांश सामान जल गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

